हाईवे पर आवारा पशु बना काल, स्कॉर्पियो-अर्टिगा की आमने-सामने भिड़ंत में तीन की मौत



साहिल अंसारी

हापुड़। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार को गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसके सामने एक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और एनएचएआई की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया।
पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह स्कॉर्पियो के सामने अचानक आवारा पशु का आ जाना माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने हाईवे पर आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत