रोजगार, कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण पर आर्य कन्या पीजी कॉलेज में दो बड़े आयोजन, छात्राओं को करियर के साथ नशा मुक्ति का भी दिलाया संकल्प
साहिल अंसारी
हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हापुड़ में शुक्रवार को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए करियर काउंसलिंग समिति एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय सभागार में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनकी योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने, कौशल विकास करने तथा रोजगार के बेहतर अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अवधेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि कला एवं वाणिज्य संकाय की स्नातक छात्राओं के लिए बैंक में प्रोबेशनरी ऑफिसर, जूनियर एसोसिएट तथा विशेषज्ञ संवर्ग अधिकारी जैसे पदों पर रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और चयन प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान यश अग्रवाल, गीतेश और जावेद भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्राओं को करियर निर्माण में उचित मार्गदर्शन मिल सके। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा प्रोफेसर वसुधा श्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसी दिन महाविद्यालय में MY भारत पोर्टल समिति के सौजन्य से प्रत्यूष युवा विकास काउंसिल, उत्तर प्रदेश तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में विक्रांत शर्मा ने छात्राओं को MY भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। महाविद्यालय की लगभग 80 छात्राएं MY भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा चुकी हैं। कार्यक्रम में प्राचार्या, प्राध्यापिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में MY भारत पोर्टल समिति की संयोजिका प्रोफेसर अमिता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment