आर्य कन्या पीजी कॉलेज में गूंजा एआई का संदेश, पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा


साहिल अंसारी

**हापुड़।** आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. मीनू कश्यप के नेतृत्व में 'संस्थान नवाचार परिषद' और 'इथॉस (Ethos) क्लब' के संयुक्त तत्वावधान में "जीवन में एआई का महत्व" विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के महत्व और उसके सामाजिक प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
 
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पोस्टरों के माध्यम से एआई के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कुल 17 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने एआई के लाभ, चुनौतियों और भविष्य में इसकी बढ़ती उपयोगिता को प्रभावशाली चित्रों और संदेशों के जरिए दर्शाया।
 
इस अवसर पर बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंप्यूटर विज्ञान की ऐसी तकनीक है, जो मशीनों को सोचने, सीखने, समझने और निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। डेटा आधारित एल्गोरिदम पर कार्य करने वाली यह तकनीक तेज गति से काम करने के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और दैनिक जीवन में तेजी से अपनी उपयोगिता बढ़ा रही है।
 
निर्णायक मंडल की सदस्य प्रो. करुणा गुप्ता और प्रो. मनीला रोहतगी ने प्रतिभागियों के पोस्टरों का मूल्यांकन किया। परिणामों में कुमारी नेहा ने प्रथम, कुमारी माहिका ने द्वितीय और कुमारी शिफा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी साक्षी को प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
 
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में एआई के बढ़ते महत्व के साथ-साथ इसके सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा छात्राओं से तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में डॉ. मीनू कश्यप ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत