महिला से छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
सोनू मसूरी
हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के ततारपुर गांव की एक महिला ने पड़ोस के दो युवकों पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल तो कराया, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जबकि आरोपित लगातार परिवार को धमकी दे रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, गांव निवासी कुसुम ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर के मुख्य दरवाजे की सफाई कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही मुकेश और परमीत वहां पहुंचे और कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणी करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि परमीत ने उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की, जबकि मुकेश ने लोहे की रॉड से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया। आरोप है कि दूसरे युवक ने उसके साथ मारपीट की और चुन्नी से गला दबाने की भी कोशिश की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पुत्र आदित्य मौके पर पहुंच गया और घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का कहना है कि पुलिस उसे थाने ले गई और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद घर भेज दिया, लेकिन अभी तक आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर दोनों आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment