हापुड़ में बड़ा हादसा टला: देवनंदिनी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से लगी आग, पुलिस-दमकल ने सुरक्षित निकाले सभी मरीज
साहिल अंसारी
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित देवनंदिनी अस्पताल में सोमवार को एसी में ब्लास्ट होने से एक कमरे में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हापुड़ अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दो-तीन थानों की पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें अस्पताल में फैले धुएं को बाहर निकालने और प्रथम तल पर बनी गर्मी को कम करने के कार्य में जुटी रहीं।
राहत कार्य के दौरान अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य वार्डों में स्थानांतरित कर दिया गया। समय रहते मरीजों को बाहर निकाल लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी मरीज या अस्पताल कर्मी के घायल होने की सूचना है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली कि बड़ा हादसा टल गया।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में ब्लास्ट होना सामने आया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहकर एहतियाती कार्रवाई कर रही हैं। मामले की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
Comments
Post a Comment