बच्ची से जुड़े गंभीर मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, सिखेड़ा फ्लाईओवर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


साहिल अंसारी

हापुड़। जनपद में अपराधियों और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिम्भावली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सिखेड़ा फ्लाईओवर के पास पुराने हाईवे से दबोचा। उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर के पर्यवेक्षण में जिलेभर में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिम्भावली पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 192/2026 में वांछित चल रहे आरोपी नईम को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नईम पुत्र वकील मूल रूप से ग्राम नंगलामल, थाना मुंडाली, जनपद मेरठ का निवासी है। वर्तमान में वह गांव औरंगाबाद स्थित मौलवी जन्नत मस्जिद के पास रह रहा था। आरोपी की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 12:20 बजे सिखेड़ा फ्लाईओवर के निकट पुराने हाईवे पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल फरमान और हेड कांस्टेबल उदय सिंह की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत