थाने में समझौते के दौरान महिला बेहोश, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
साहिल अंसारी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना परिसर में भूमि विवाद को लेकर चल रही समझौता वार्ता के दौरान एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरातफरी मच गई। महिला बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद थाना प्रभारी ने तत्काल सरकारी वाहन से उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।
गांव बछलौता निवासी बबली ने आरोप लगाया है कि गांव के एक व्यक्ति ने अपने गवाह के साथ मिलकर तीन जुलाई 2026 को उनके पति रमेश से करीब पांच बीघा जमीन का रजिस्टर्ड इकरारनामा धोखाधड़ी और फर्जी तरीके से उपनिबंधक कार्यालय हापुड़ में मात्र 12 लाख रुपये में करा लिया। उनका कहना है कि सर्किल रेट के अनुसार उक्त जमीन की कीमत 20 से 25 लाख रुपये प्रति कच्चा बीघा है। इस संबंध में उन्होंने 17 जुलाई को जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिसके बाद मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई।
जांच के तहत मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को बाबूगढ़ थाने बुलाकर बातचीत कराई। इसी दौरान महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने तत्काल उसे अस्पताल भिजवाया।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि समझौता वार्ता के दौरान महिला की तबीयत खराब हुई थी। पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य है। मामले की जांच नियमानुसार जारी है।
Comments
Post a Comment