कांवड़ यात्रा को लेकर हापुड़ में तैयारियां तेज, भारी वाहन गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे



सोनू मसूदी 

हापुड़। आगामी पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हापुड़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली हापुड़ नगर परिसर में सीओ सिटी की अध्यक्षता में पुलिस, व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और शहर के गणमान्य नागरिकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और व्यापारिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के लिए तैयार किए गए रूट डायवर्जन प्लान का प्रस्तुतीकरण किया। व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के सुझावों पर मंथन के बाद कई अहम निर्णय लिए गए। सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह रहा कि यात्रा के दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए उन्हें छिजारसी टोल की बजाय सीधे गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। इससे कांवड़ियों के लिए हाईवे पर पर्याप्त जगह उपलब्ध रहेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यापार भी प्रभावित न हो। उन्होंने सुझाव दिया कि निजामपुर बाईपास से कांवड़ियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए वाहनों के आवागमन की व्यवस्था की जाए। वहीं मंडल के महामंत्री संजय अग्रवाल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों के निर्बाध संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। पुलिस अधिकारियों ने सभी पक्षों के साथ समन्वय बनाकर बेहतर यातायात व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया।

सीओ सिटी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिले के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी निगरानी, नियमित गश्त और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत