गैंगस्टर एक्ट के वारंटी पर कसा पुलिस का शिकंजा, ऑपरेशन तलाश के तहत घर से दबोचा गया आरोपी


सोनू मसूदी

हापुड़। जनपद में अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत थाना हापुड़ देहात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, माननीय न्यायालय में विचाराधीन वाद संख्या 1273/2015 से संबंधित धारा 2/3 गैंगस्टर अधिनियम के मामले में आरोपी के खिलाफ वारंट जारी था। इसी के अनुपालन में थाना हापुड़ देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारंटी अनीस पुत्र आस मोहम्मद, निवासी ग्राम सलाई, थाना हापुड़ देहात को उसके आवास से गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और न्यायालय से जारी वारंटों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से ऑपरेशन तलाश अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फरार और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।

इस कार्रवाई को थाना हापुड़ देहात में तैनात उपनिरीक्षक हेमंत अत्री और उपनिरीक्षक रामू सिंह जादौन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में कांस्टेबल नरेंद्र कुमार और सौरभ कुमार भी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार वारंटी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन तलाश अभियान आगे भी जारी रहेगा और न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन के साथ-साथ फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत