अखिलेश यादव की हिरासत पर हापुड़ में सपा का उग्र प्रदर्शन, तहसील चौपला जाम करने की कोशिश, कई कार्यकर्ता हिरासत में*
*अखिलेश यादव की हिरासत पर हापुड़ में सपा का उग्र प्रदर्शन, तहसील चौपला जाम करने की कोशिश, कई कार्यकर्ता हिरासत में*
हापुड़। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद हापुड़ में भी सियासी माहौल गरमा गया। सपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में तहसील तिराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसील चौपला पर जाम लगाने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली पहुंचाया। हिरासत के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। कोतवाली परिसर और आसपास का इलाका करीब दो घंटे तक राजनीतिक नारों से गूंजता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान भी कोतवाली पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी देते हुए करीब दो घंटे बाद हिरासत में लिए गए सभी सपा कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया।
इस बीच सपा जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के लिए भी कूच किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान तहसील तिराहा, तहसील चौपला और नगर कोतवाली क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि, इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई का सिलसिला नहीं रुका तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Comments
Post a Comment