मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा समेत छह योजनाओं का मिलेगा लाभ, हापुड़ के इच्छुक लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
संवाददाता, हापुड़।** वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक मत्स्य पालकों और आम नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभागीय पोर्टल पर 16 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 31 जुलाई तक जारी रहेगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण ने बताया कि इच्छुक आवेदक विभागीय वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस बार मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम की स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण योजना के तहत केज स्थापना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित कुल छह प्रमुख योजनाओं के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजनाओं की पात्रता, इकाई लागत, आवश्यक अभिलेख, आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही लागू होंगे।
विभाग ने यह भी बताया कि जिन आवेदकों के आवेदन पूर्व वर्षों में निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत हैं, वे भी दोबारा आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए आवेदक विकास भवन, हापुड़ के द्वितीय तल स्थित कमरा संख्या-221 में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मत्स्य निदेशालय के हेल्पलाइन नंबर 0522-2740270 पर भी कार्य दिवसों में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से समय रहते आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
Comments
Post a Comment