दो साल पहले बिजनौर से चोरी हुई बाइक हापुड़ में बरामद, आरोपी गिरफ्तार



साहिल अंसारी

हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद बाइक करीब दो वर्ष पहले बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की रात बुलंदशहर रोड स्थित एमएस गार्डन के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक लेकर एक युवक मोती कॉलोनी की ओर से आशियाना कॉलोनी की तरफ आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्यागी कॉलोनी पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसीम पुत्र आस मोहम्मद, निवासी ग्राम डुहरी, थाना पिलखुवा बताया। बाइक के कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका और स्वीकार किया कि उसने यह बाइक करीब एक साल पहले एक अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दाम में खरीदी थी।

पुलिस ने वाहन का विवरण ऑनलाइन जांचा तो पता चला कि बाइक यूपी-20 सीजे-2864 बिजनौर निवासी दीक्षित कुमार के नाम पंजीकृत है। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उनकी बाइक 15 जून 2024 को चोरी हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट धामपुर थाने में दर्ज है। इसके बाद हापुड़ पुलिस ने धामपुर पुलिस को बरामदगी की सूचना दे दी।

नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) और 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत