रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप: वर्षों से भटक रहा परिवार, सीएम से दूसरे जिले के अधिकारियों से जांच कराने की मांग

सोनू मसूदी

हापुड़। नगर के मंडी नारायण क्षेत्र निवासी मोहित सिंघल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने पड़ोसी द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से कराकर कार्रवाई कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, मोहित सिंघल का कहना है कि पड़ोसी मयंक और राजीव गर्ग ने सड़क पर अतिक्रमण कर उनके घर का सामान्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया है। उनका दावा है कि इस संबंध में वह पिछले कई वर्षों में 100 से अधिक प्रार्थना पत्र विभिन्न विभागों को दे चुके हैं तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी 50 से अधिक शिकायतें दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका परिषद हापुड़ ने अतिक्रमण हटाने के बजाय सड़क को निजी संपत्ति बताते हुए रिपोर्ट लगा दी, जबकि हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर उन्हें लगातार गुमराह कर रहे हैं।

मोहित सिंघल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि उन्हें जिला स्तर पर न्याय मिलने की उम्मीद नहीं रह गई है, इसलिए उच्च स्तर से हस्तक्षेप आवश्यक है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से शिकायत पर हापुड़ के जिलाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अब शिकायतकर्ता को प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। दूसरी ओर, संबंधित विभागों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत