हापुड़ में महिला ने भाइयों पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप, संपत्ति विवाद में गोली चलाने सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज


साहिल अंसारी

हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला ने अपने सगे और चचेरे भाइयों पर घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नई मंडी गिरधारीनगर निवासी कविता सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 1 जून 2026 की रात करीब ढाई बजे वह अपने घर में सो रही थीं। आहट होने पर जब वह दूसरे कमरे में पहुंचीं तो देखा कि उनके भाई चन्द्रशेखर, सरदार भगत सिंह तथा चचेरे भाई गुट्टू और बिट्टू दीवार फांदकर घर में घुसे हुए थे। आरोप है कि कमरे की लाइट जलते ही आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और सरदार भगत सिंह ने उन पर गोली चला दी। गोली खिड़की की जाली को चीरते हुए अंदर आई, लेकिन वह नीचे झुक गईं, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी संपत्ति के लालच में पहले भी कई बार उन पर हमला कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 3 मई 2026 को मेरठ के काजीपुर स्थित पैतृक घर में उन्हें और उनकी मां को बंधक बनाकर मारपीट की गई थी तथा सोने का कंगन, 50 हजार रुपये और मोबाइल भी छीन लिया गया था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के निर्देश पर हापुड़ देहात थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत