*भविष्य के स्त्री रोग विशेषज्ञों को मिला आधुनिक चिकित्सा का प्रशिक्षण, सिम्स की राष्ट्रीय सीएमई में जुटे देश के नामी आईवीएफ विशेषज्ञ*



साहिल अंसारी
हापुड़। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड हॉस्पिटल (सिम्स) में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से "जीनोविया–आईएसएआर राष्ट्रीय पीजी शिक्षण पहल" के अंतर्गत सहायक प्रजनन तकनीक (एआरटी) एवं बांझपन प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को आधुनिक प्रजनन चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और व्यावहारिक अनुभवों से अवगत कराना रहा।




कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित आईवीएफ एवं प्रजनन चिकित्सा विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। मेरठ के लोकप्रिय हॉस्पिटल की आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. ईशा ने बांझपन के आधुनिक उपचार, आईवीएफ प्रक्रिया और क्लीनिकल अनुभवों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं नई दिल्ली की वरिष्ठ स्त्री रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. नीति विजय ने आधुनिक आईवीएफ तकनीकों, साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धति और प्रजनन चिकित्सा के नए आयामों पर अपने विचार साझा किए।




सीएमई के दौरान प्रजनन शरीर क्रिया विज्ञान, ओवेरियन रिजर्व असेसमेंट, कंट्रोल्ड ओवेरियन स्टिम्युलेशन, आईवीएफ लैब वर्कफ्लो, भ्रूण विकास, पुरुष बांझपन, इंफर्टिलिटी अल्ट्रासाउंड, एआरटी की जटिलताएं तथा नैतिक और कानूनी पहलुओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में क्लीनिकल केस चर्चा, शैक्षणिक वीडियो, केस आधारित शिक्षण और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पारिधि गर्ग ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम भविष्य के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, वैज्ञानिक सोच और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संस्थान की प्राचार्या डॉ. बरखा गुप्ता, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट मेजर जनरल डॉ. चरनजीत सिंह आहलूवालिया, सीनियर एडवाइजर ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, निदेशक रघुवर दत्त तथा महाप्रबंधक एन. वर्धराजन ने आयोजन की सफलता पर विभाग को बधाई देते हुए इसे चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन तथा वाइस चेयरपर्सन सुश्री रम्या रामचंद्रन ने भी आयोजन समिति और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत