एक लाख का इनामी बदमाश एसटीएफ और पिलखुवा पुलिस के हत्थे चढ़ा, हत्या-लूट समेत ढाई दर्जन मुकदमे दर्ज
साहिल अंसारी
हापुड़। अवैध असलहों के बल पर लूट की वारदात में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को एसटीएफ लखनऊ और पिलखुवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी को पिलर नंबर-20 के पास से दबोच लिया। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहित पुत्र विजयपाल निवासी विकास नगर, खुर्जा नगर, जनपद बुलंदशहर है। वह थाना पिलखुवा में दर्ज वर्ष 2025 के लूट के एक मामले में लगातार फरार था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं में दर्ज है। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया था। आखिरकार एसटीएफ लखनऊ और पिलखुवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित शातिर एवं पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ समेत कई जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के करीब ढाई दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी कई वर्षों से संगठित आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और विभिन्न जिलों की पुलिस उसे तलाश रही थी।
हापुड़ पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी अभियान के तहत एसटीएफ लखनऊ के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments
Post a Comment