हापुड़।** बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में ककोड़ी मोड़ के पास ओयो होटल के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर /India News 24
साहिल अंसारी
*हापुड़।** बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में ककोड़ी मोड़ के पास ओयो होटल के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महिला के कंधे में फ्रैक्चर होने के साथ गर्भपात होने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में बुलंदशहर जिले के बीबी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरा निवासी बिरेन्द्र सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को उनका पुत्र विवेक चौधरी और पुत्री स्वाति लाइफ लाइन अस्पताल से दवा लेकर बाइक से गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे ककोड़ी मोड़ से आगे ओयो होटल के सामने सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति फ्रॉन्क्स कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक दोनों घायलों को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। स्वाति के कान फट जाने से उनके सोने के ईयररिंग भी घटनास्थल पर गिरकर खो गए। पीड़िता के कंधे में फ्रैक्चर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के कारण स्वाति का गर्भपात हो गया।
परिजनों का कहना है कि दोनों घायलों के उपचार में व्यस्त होने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। उपचार के बाद 23 जुलाई को बाबूगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दी गई।
बाबूगढ़ थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment