भूमि धोखाधड़ी के मुकदमे में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़िता ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार
*भूमि धोखाधड़ी के मुकदमे में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़िता ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार*
हापुड़, संवाददाता। ग्राम सबड़ी निवासी कोमल त्यागी ने मेरठ मंडल के आईजी को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि भूमि धोखाधड़ी के दर्ज मुकदमे में पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष विवेचना तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, उनके पति भूपेंद्र त्यागी की कृषि भूमि से जुड़े मामले में न्यायालय के आदेश पर थाना हापुड़ नगर में सुरेंद्र कुमार बौद्ध, अंशु रानी और तेजवीर सिंह के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपितों ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि से संबंधित धोखाधड़ी की। पीड़िता का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई।
कोमल त्यागी ने आरोप लगाया है कि आरोपित मुकदमा वापस लेने के लिए उनके परिवार पर दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में विवेचक पर निष्पक्ष जांच न करने तथा एक गवाह पर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता ने आईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, परिवार और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
Comments
Post a Comment