एनएच-9 पर लेन बदलते समय इनोवा से भिड़ी स्कूटी, दो युवक घायल; थाना प्रभारी की तत्परता से बची जान
साहिल अंसारी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर जैन शिकंजी के सामने लेन बदलने के दौरान इनोवा कार और स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच गई और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:50 बजे सहारनपुर के प्रतापगंज वैट मोड़ निवासी दिव्यांशु जैन अपने परिवार के साथ इनोवा कार से गढ़मुक्तेश्वर से हापुड़ की ओर लौट रहे थे। एनएच-9 स्थित जैन शिकंजी के सामने उन्होंने बाईं ओर लेन बदलने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी कार से टकरा गई, जिससे स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में जाफराबाद, दिल्ली निवासी 35 वर्षीय मुनाजिव पुत्र मुख्तियार तथा मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र के थमला निवासी 30 वर्षीय बिलाल पुत्र शाहिद घायल हो गए। संयोगवश उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रहे बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस वाहन से दोनों को देवनंदिनी अस्पताल पहुंचाया और इलाज शुरू कराया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण दोनों घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया, जिससे लंबा जाम नहीं लगने पाया।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लेन बदलते समय हुई असावधानी हादसे का कारण मानी जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
Comments
Post a Comment