सिगरेट पिलाकर बनाया वीडियो, फिर धमकी देकर 98 वर्षीय दादी तक के गहने हड़पने का आरोप
साहिल अंसारी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र की संजय विहार आवास विकास कॉलोनी में मानसिक रूप से कमजोर युवक को ब्लैकमेल कर घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण निकलवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय विहार निवासी ओमवीर नागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र गर्वित से मयंक और निहाल ने दोस्ती कर ली थी। दोनों अक्सर उस समय घर आते थे, जब परिवार के अन्य सदस्य मौजूद नहीं होते थे। कुछ समय बाद घर की अलमारी से करीब तीन तोला सोने की चेन, एक टीका, अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान गायब मिला।
परिजनों ने गर्वित से पूछताछ की तो उसने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण वह मानसिक रूप से कमजोर है। इसका फायदा उठाकर मयंक और निहाल ने उसे सिगरेट पिलाई और उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे घर से जेवर और अन्य सामान निकलवाते रहे। आरोप है कि आरोपितों ने 98 वर्षीय दादी के गले से भी सोने की चेन धोखे से उतार ली और उसकी जगह नकली चेन पहना दी।
पीड़ित के अनुसार, शिकायत करने पर मयंक की मां उसे लेकर उनके घर आई थीं। उस दौरान मयंक ने कथित रूप से कहा कि सारा सामान निहाल के पास है और वह वापस दिला देगा। इसके बावजूद दोनों आरोपित सामान लौटाने नहीं आए। बाद में परिवार को जानकारी मिली कि जेवर बेच दिए गए हैं।
नगर कोतवाली पुलिस ने ओमवीर नागर की तहरीर पर मयंक पुत्र यशपाल निवासी ग्राम मुक्तेश्वरा (हाल निवासी संजय विहार) और निहाल पुत्र राकेश निवासी संजय विहार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment