एनएच-9 पर दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी बाइक, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल*
*एनएच-9 पर दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी बाइक, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल*
इंडिया न्यूज़ 24 संवाददाता, हापुड़: राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सामने चल रहे ट्रक से बाइक टकराने के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे बाइक दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान हापुड़ क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में बाइक चला रहे हितेश (32) निवासी ग्राम इनायतपुर, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे जितेंद्र (55) निवासी ग्राम लुखरादा, थाना बाबूगढ़, हापुड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सीएचसी गढ़ रोड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल हितेश का उपचार किया गया। पुलिस ने मृतक के स्वजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment