साइबर ठगी के शिकार किसान को मिली बड़ी राहत, गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने लौटाए 89 हजार रुपये


साहिल अंसारी


हापुड़। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित राहत पहुंचाने की दिशा में हापुड़ पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को उसकी पूरी रकम वापस दिलाई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लोधीपुर सोभन निवासी भूले गिरी साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। ठगों ने धोखाधड़ी के माध्यम से उनके खाते से 89 हजार रुपये निकाल लिए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर सेल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंकिंग व तकनीकी प्रक्रियाओं के माध्यम से ठगी गई राशि को ट्रेस कर लिया।

पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में 89 हजार रुपये की पूरी रकम वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर भूले गिरी ने हापुड़ पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है या खाते से धोखाधड़ी के जरिए पैसा निकल जाता है तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

साथ ही पुलिस ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी नंबर या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी जैसी घटनाओं से बचा सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत