बैंक मैनेजर की कार में टक्कर के बाद मारपीट, 8-10 लोगों पर मुकदमा दर्ज


सोनू मसूरी

हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद बैंक मैनेजर के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के शाखा प्रबंधक नितिन कुमार ने शिकायत में बताया कि वह 20 जुलाई की सुबह अपने घर असौड़ा से बैंक जा रहे थे। राजाजी होटल के पास फ्लाईओवर पर बैरिकेडिंग के कारण आगे चल रही एक नेक्सॉन कार के अचानक रुकने पर उन्होंने अपनी कार की रफ्तार कम कर दी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक ईको कार ने उनकी स्विफ्ट डिजायर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार आगे खड़ी नेक्सॉन से भी टकरा गई। हादसे में उनके सिर में भी चोट लगी।

आरोप है कि ईको कार से उतरे व्यक्ति ने पहले अभद्रता की और कुछ ही देर में 4-5 अन्य वाहन भी मौके पर पहुंच गए। इनमें सवार करीब 8 से 10 लोगों ने बिना बात सुने उनके साथ मारपीट की। उनके साथी दिवित शर्मा ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान आगे खड़ी नेक्सॉन कार का चालक मौके से फरार हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया और जब वह जान बचाकर भागे तो करीब 50 मीटर तक पीछा कर उन्हें पकड़कर फिर मारपीट की। इस दौरान उनकी शर्ट भी फाड़ दी गई। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि नेक्सॉन चालक हर्जाना नहीं देगा तो उन्हें ही नुकसान की भरपाई करनी होगी, अन्यथा जान से मार देंगे। बाद में मौके पर मौजूद अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद उनका मोबाइल वापस मिला।

घटना से भयभीत बैंक मैनेजर ने बाबूगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ओमकार को सौंपी गई है


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत