साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने लौटाए पूरे 70 हजार रुपये
साहिल अंसारी
हापुड़। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर क्राइम टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के पूरे 70 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली और उसने हापुड़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंक व अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को होल्ड कराया।
लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद साइबर टीम ने पीड़ित के खाते में 70 हजार रुपये की पूरी राशि वापस करवा दी। अपनी मेहनत और तत्परता से टीम ने एक बार फिर साबित किया कि समय रहते शिकायत करने पर साइबर ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
गढ़मुक्तेश्वर साइबर क्राइम टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी साइबर अपराधियों के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments
Post a Comment