कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, क्यूआर कोड से मिलेगी हर जानकारी, 514 सीसीटीवी कैमरों से रहेगी निगरानी



सोनू मसूदी

 हापुड़। सावन मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सुरक्षा, यातायात, निगरानी और आपात व्यवस्थाओं का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन कर श्रद्धालु यातायात डायवर्जन, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम और अन्य जरूरी सूचनाएं आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

डीएम ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी स्थान पर वाहन खराब होने या रास्ता बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए 24 क्रेन और 31 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 21 अस्थायी पुलिस चौकियां और 35 पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं।

पूरी कांवड़ यात्रा पर 514 सीसीटीवी और 158 आईपी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। जिले की सीमाओं पर छह बैरियर बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 191 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक, 321 वालंटियर और 821 डिजिटल वालंटियर भी तैनात रहेंगे, जो पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर संचालित 99 होटलों को यात्रा अवधि में प्याज-लहसुन तथा अन्य प्रतिबंधित खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें इसकी नियमित निगरानी करेंगी। वहीं 69 मस्जिद-मदरसों, 56 संवेदनशील स्थलों, 237 मीट-मछली की दुकानों, 143 शराब की दुकानों, 146 कांवड़ सेवा शिविरों तथा 281 डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान चरणबद्ध तरीके से यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी विभाग पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत