गढ़मुक्तेश्वर में सड़क किनारे मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, अत्यधिक शराब सेवन से मौत की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की असली वजह का खुलासा*
*गढ़मुक्तेश्वर में सड़क किनारे मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, अत्यधिक शराब सेवन से मौत की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की असली वजह का खुलासा*
**गढ़मुक्तेश्वर, संवाददाता।** गढ़मुक्तेश्वर के स्याना रोड स्थित मेरठ नर्सिंग होम के सामने बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मेरठ नर्सिंग होम के सामने एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 40 वर्षीय लक्ष्मण पुत्र प्रीतम निवासी ग्राम खेड़ा, थाना पिलखुआ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गढ़मुक्तेश्वर में रह रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लक्ष्मण को शराब पीने की लत थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह सुबह से ही नशे की हालत में इलाके में घूम रहा था। पुलिस का मानना है कि अत्यधिक शराब के सेवन, गर्मी या किसी अन्य शारीरिक कारण से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment