हज-2027 के लिए आवेदन का आखिरी मौका: 24 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन, 30 जुलाई को होगा डिजिटल चयन
सोनू मसूदी
हापुड़। वर्ष 2027 की हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने हज-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई 2026 कर दी है। पहले यह तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता ने बताया कि जिन लोगों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे बिना देरी किए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा कर लें।
उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों ने केवल पंजीकरण कराया है, लेकिन किसी कारणवश ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं, उन्हें भी 24 जुलाई तक अपना आवेदन अनिवार्य रूप से पूर्ण करना होगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे आवेदक हज-2027 की प्रक्रिया से वंचित रह जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन आवेदकों का भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क कर पासपोर्ट प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि अंतिम तिथि से पहले आवेदन पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए 30 जुलाई 2026 को मुंबई स्थित हज हाउस में ऑनलाइन कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। साथ ही चयनित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जाएगी।
चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा करनी होगी। समय पर राशि जमा नहीं करने पर आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता ने सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आवश्यक दस्तावेज समय रहते उपलब्ध करा लें, ताकि हज-2027 की यात्रा के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Comments
Post a Comment