साइबर ठगी के शिकार किसान को मिली राहत, हापुड़ देहात पुलिस ने 19,551 रुपये कराए वापस
साहिल अंसारी
हापुड़। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना हापुड़ देहात की साइबर सेल ने एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। साइबर ठगी का शिकार हुए ग्राम ददायरा निवासी अरुण सिवाल के खाते से धोखाधड़ी कर निकाले गए 20 हजार रुपये में से 19,551.29 रुपये वापस उनके खाते में लौटवा दिए गए।
पुलिस के अनुसार अरुण सिवाल पुत्र यशपाल सिंह निवासी ग्राम ददायरा, थाना हापुड़ देहात के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी। शिकायत मिलते ही थाना हापुड़ देहात की साइबर सेल सक्रिय हुई और संबंधित बैंक व साइबर एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप ठगी गई राशि का अधिकांश हिस्सा सफलतापूर्वक वापस कराया गया।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित अरुण सिवाल ने हापुड़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से उन्हें आर्थिक राहत मिली है।
हापुड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के खाते से साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से रुपये निकल जाएं तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत होगी, राशि वापस मिलने की संभावना उतनी अधिक रहेगी।
पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।
Comments
Post a Comment