उपेड़ा फ्लाईओवर पर हुए हादसे में साधु की मौत, 18 दिन बाद बाबूगढ़ थाने में ट्रक चालक पर मुकदमा
साहिल अंसारी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपेड़ा फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एक साधु की मौत के मामले में 18 दिन बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में हरियाणा के पलवल जनपद के भवाना गांव निवासी ग्यासी ने बताया कि उसके बड़े भाई भगवानदास, जो राजस्थान के दौसा जिले के निलोज बालाजी की डूंगरी में रहते थे, 8 जुलाई 2026 की रात अपनी कार से गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित ग्राम लठीरा ऐतमाली में अपने मंदिर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे बाबूगढ़ क्षेत्र के उपेड़ा फ्लाईओवर पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। वह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर की जांच कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से आए ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भगवानदास गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वादी ने बताया कि भाई की मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में था, जिसके कारण समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। अब स्थिति सामान्य होने पर उसने बाबूगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment