*कांवड़ मार्गों पर पुलिस का सख्त सुरक्षा घेरा, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर 17 मोबाइल बाइक टीमों को किया रवाना*


साहिल अंसारी

हापुड़। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय से पुलिस अधीक्षक कुँवर ज्ञानंजय सिंह ने 17 कांवड़ मोबाइल बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये मोबाइल टीमें पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करेंगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना भी प्राथमिकता है। मोबाइल बाइक टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित पेट्रोलिंग कर जाम की स्थिति पर नजर रखें और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाएं।

हापुड़ पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आधुनिक संचार व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी भी की गई है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न हो सके।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत