कांवड़ यात्रा से पहले मेरठ रेंज अलर्ट, हापुड़ में 160 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम तेज


साहिल अंसारी
हापुड़। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर मेरठ रेंज के सभी जनपदों में कांवड़ ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही कांवड़ मार्गों का व्यापक भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है।

डीआईजी ने बताया कि पुलिस कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, महिला, बुजुर्ग और बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, संयम और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को उसके ड्यूटी क्षेत्र के कांवड़ मार्ग, शिविर, चिकित्सा केंद्र, पेयजल व्यवस्था, पुलिस सहायता केंद्र, रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

भौतिक सत्यापन के दौरान मेरठ परिक्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े 441 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां गड्ढे, सड़क अवरोध, निर्माण सामग्री या अन्य बाधाओं को दूर करने का कार्य चल रहा है। इनमें हापुड़ जनपद के 64 स्थान शामिल हैं।

इसके अलावा विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिक्षेत्र में 673 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर झुके हुए बिजली के पोल, नीचे लटकते या खुले विद्युत तार, बिना बैरिकेडिंग वाले ट्रांसफार्मर तथा कांवड़ मार्ग के निकट स्थित विद्युत उपकरणों को चिन्हित कर संबंधित विभागों के सहयोग से उन्हें सुरक्षित बनाया जा रहा है। हापुड़ जनपद में ऐसे 96 स्थान चिह्नित किए गए हैं।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने निर्देश दिए हैं कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूरे कर लिए जाएं। साथ ही व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ही पुलिस कर्मियों को कांवड़ ड्यूटी पर तैनात किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।




Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल