हापुड़ में 16 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला, पेचकस और धारदार हथियारों से किए ताबड़तोड़ वार; 10-12 लोगों पर मुकदमा



साहिल अंसारी


हापुड़। कोतवाली हापुड़ क्षेत्र के फ्रीगंज रोड पर 16 वर्षीय किशोर पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

असौड़ा गांव निवासी संजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र वासुदेव बुधवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच गांव से हापुड़ रिश्तेदारी में जा रहा था। आरोप है कि फ्रीगंज रोड पर भानू त्यागी उर्फ डेरी वाला, लवी, शिवम, कार्तिक, वासु और 10-12 अन्य लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पेचकस और सूंवा जैसे धारदार हथियारों से वासुदेव की छाती, सिर, गर्दन और कलाई पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि हमलावर उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद असौड़ा के लोगों ने घायल किशोर को अचेत अवस्था में देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

कोतवाली हापुड़ पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल