*तेज रफ्तार कार ने उजाड़ दिया सुहाग, 15 दिन जिंदगी से जूझने के बाद महिला ने तोड़ा दम*


साहिल अंसारी

हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुई महिला की 15 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच चली जंग आखिरकार हार में बदल गई। उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद अंतिम संस्कार और शोक में व्यस्त रहने के कारण पीड़ित पति तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र की इंद्रलोक कॉलोनी निवासी विनय कुमार शर्मा ने बाबूगढ़ थाने में दी तहरीर में बताया कि 14 जून 2026 को वह अपनी पत्नी मीनू शर्मा के साथ बाइक से बुलंदशहर जिले के बीबीनगर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। सुबह करीब 9:45 बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में देवनंदनी नर्सिंग कॉलेज, बनखंडा के पास पेट्रोल पंप से पहले पीछे से आ रही कार (डीएल-4सीएक्यू-6641) ने उनकी बाइक में तेज रफ्तार और लापरवाही से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सीएचसी सिखैड़ा पहुंचाया गया। मीनू शर्मा की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हापुड़, फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज, उसके बाद आरोग्य अस्पताल हापुड़ और अंत में जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर किया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 27 जून को उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 29 जून को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पीड़ित विनय शर्मा ने बताया कि पत्नी के निधन के बाद अंतिम संस्कार और शोक के चलते वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। अब उन्होंने बाबूगढ़ थाने में कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गौरव कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आरोपित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत