फरार वारंटियों की खैर नहीं: ऑपरेशन तलाश के तहत हापुड़ नगर पुलिस ने 10 आरोपितों को किया गिरफ्तार


साहिल अंसारी

हापुड़। जनपद में अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत थाना हापुड़ नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 10 वारंटियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए वारंटियों में सतेन्द्र, सागर, दीपक कुमार, यामीन, गुरमीत, साबिर, जितेन्द्र, जोगेन्द्र कुमार, मनी और मन्सूर शामिल हैं। इन पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, एनडीपीएस एक्ट, चोरी के माल से संबंधित अपराध, बलवा तथा अन्य धाराओं में दर्ज मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे। लंबे समय से न्यायालय में पेश न होने के कारण इनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

थाना हापुड़ नगर पुलिस ने अभियान के तहत सभी आरोपितों की तलाश कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में वारंटियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रमेश चंद गौतम, बालेन्द्र सिंह, सौरभ सिंह, सुमित मलिक, सत्यशील गौतम, रविन्द्र कुमार तालान, प्रशान्त कुमार सहित थाना हापुड़ नगर की पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन तलाश के तहत आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत