हापुड़ का बढ़ा मान: आर्य कन्या पीजी कॉलेज जिले में नंबर-1, विश्वविद्यालय मेरिट और यू.पी. प्रमाण पोर्टल पर शानदार प्रदर्शन
साहिल अंसारी
हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने एक बार फिर शैक्षिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में महाविद्यालय की शिक्षा शास्त्र विभाग की छात्रा कुमारी आरती सागर को वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा शास्त्र विभाग की कुमारी तनु त्यागी और संस्कृत विभाग की कुमारी खदीजा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और हापुड़ जिले का गौरव बढ़ाया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने छात्राओं की इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि कॉलेज लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
कॉलेज ने प्रशासन के यू.पी. प्रमाण पोर्टल पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 44.17 अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही संस्थान इस माह हापुड़ जिले में प्रथम स्थान पर रहा, जबकि मंडल स्तर पर शीर्ष दस महाविद्यालयों में सातवां स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि पिछले छह माह से कॉलेज जिले में लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है।
प्राचार्या के नेतृत्व और प्रबंध समिति के सहयोग से महाविद्यालय में पिछले दो वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। गत वर्ष हिंदी, राजनीति विज्ञान और इतिहास विषय में शोध केंद्र स्थापित किए गए, जबकि इस वर्ष अर्थशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और संगीत विभाग में भी शोध केंद्र की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, ओपन जिम, लॉन टेनिस व बास्केटबॉल कोर्ट, इंडोर गेम्स, चिकित्सीय उद्यान, जल संरक्षण व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा विभिन्न छात्र क्लबों की स्थापना से शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नई गति मिली है।
नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष तथा परास्नातक की कक्षाओं में 8 जुलाई से नियमित पढ़ाई शुरू हो चुकी है। कॉलेज प्रशासन को विश्वास है कि इस वर्ष भी छात्राएं शिक्षा, शोध और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
Comments
Post a Comment